गजरौला(अमरोहा)। बेटी के दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम विवाह करने से नाराज परिजन प्रेमी युगल को घेरने चकनवाला पहुंच गए। भनक लगने पर दोनों ने एक घर में छिपकर जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले आई। युवती ने पुलिस के सामने प्रेमी के साथ रहने की बात कही। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि दोनों ने कोर्ट मैरिज कर रखी है और युवती प्रेमी के साथ चली गई।
थाना क्षेत्र के भुड्डी वाली गांव निवासी मुखिया ने कई साल पहले गांव की ही युवती से शादी की थी। उसके दो बच्चे हैं। आरोप है कि पहली पत्नी के साथ मारपीट के चलते वह बच्चों को लेकर अलग चली गई। इसके बाद मुखिया पंजाब और हरियाणा में काम करने जाने लगा। इसी दौरान उसकी मुलाकात दूसरे समुदाय की युवती से हुई और दोनों में प्रेम प्रसंग शुरू हो गया।
जानकारी होने पर युवती के परिजनों ने उसके घर से निकलने पर पाबंदी लगा दी। करीब एक महीने पहले युवती प्रेमी के घर पहुंच गई थी। परिजनों के उसे लेने आने पर आरोप है कि दूसरे समुदाय के युवक के साथ जाने से नाराज होकर उन्होंने भुड्डी वाली गांव में युवती की पिटाई की और उसे घर ले गए।
करीब चार दिन पहले युवती घर से निकलकर फिर प्रेमी के पास पहुंच गई। मंगलवार को दोनों भुड्डी वाली जा रहे थे। जानकारी मिलने पर युवती के परिजन भी वहां पहुंच गए। भनक लगते ही दोनों चकनवाला में एक घर में छिप गए। पुलिस उन्हें थाने ले आई। इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि युवती ने बताया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ प्रेम विवाह किया है। दोनों के बयान लेने के बाद युवती को प्रेमी के साथ जाने दिया गया।