डिडौली (अमरोहा)। जिवाई चौकी के सामने हाईवे पर सोमवार को सड़क पार करते समय फैक्टरीकर्मी वसीम अहमद (40) को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में फैक्टरीकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। करीब 12 घंटे बाद शव की पहचान हो सकी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जोया के मोहल्ला मुल्लाना निवासी मोहम्मद हनीफ का बेटा वसीम अहमद हाईवे स्थित एक फैक्टरी में नौकरी करता था। रविवार की रात वसीम अहमद फैक्टरी से घर जाते समय जिवाई चौकी के सामने सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान मुरादाबाद की दिशा से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में मोहम्मद वसीम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन लेकर भाग गया। हादसे के बाद थोड़ी देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। पहचान न होने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस पर मोर्चरी में रखवा दिया। सोमवार की सुबह मृतक की पहचान वसीम अहमद के रूप में हुई। मौत की खबर से पत्नी गुलशन जहां के अलावा अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
सीओ सिटी अरुण कुमार ने बताया कि मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।