अमरोहा। पेंशनर्स व पारिवारिक पेंशनर्स को जीवन प्रमाणपत्र देने के लिए अब कोषागार के चक्कर नहीं काटने होंगे। वह घर से ही डिजिटल तरीके से प्रमाणपत्र भेज सकेंगे। आधार फेस आरडी एप व जीवन प्रमाणपत्र एप डाउनलोड कर आसानी से यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। बुजुर्ग पेंशनरों की विभाग की इस सुविधा से काफी लाभ मिल सकेगा।
जिले में कोषागार विभाग से करीब साढ़े पांच हजार पेंशनर्स पेंशन प्राप्त करते हैं जिन्हें साल भर में एक बार जीवन प्रमाणपत्र कोषागार विभाग को उपलब्ध कराना होता है। इसके लिए बुजुर्ग पेंशनर्स को कोषागार के चक्कर काटने पड़ते हैं लेकिन अब विभाग ने इसके लिए ऑनलाइन सुविधा देकर राहत दी है। एक नवंबर से 30 नवंबर तक पेंशनर्स को अपना प्रमाणपत्र जमा कराना होगा।
-
यह होगी प्रक्रिया
पेंशन भोगियों को इस सुविधा का लाभ लेने के लिए मोबाइल फोन में “Aadhaar Face RD” और “Jeevan Pramaan Face” एप डाउनलोड करना होगा। फेस आरडी एप से चेहरा स्कैन करना होगा जिसके बाद अगली प्रक्रिया के रूप में जीवन प्रमाण एप खोलना होगा। इसके बाद वहां अपना आधार नंबर, आधार से लिंक मोबाइल नंबर, अपना नाम, पेंशन का प्रकार, पीपीओ व बैंक संबंधित जानकारी समेत अन्य मांगी गई जानकारी देनी होगी। इसके बाद जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करते हुए ऑनलाइन रूप से यह प्रमाणपत्र कोषागार विभाग को प्राप्त हो जाएगा।
-
पेंशनर्स की सुविधा को देखते हुए जीवन प्रमाणपत्र जमा करने को विभाग ने ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई है। 30 नवंबर तक पेंशनर्स अपना प्रमाण पत्र डिजिटल रूप से जमा करा सकते हैं। - अशोक राव गौतम, वरिष्ठ कोषाधिकारी