गजरौला। नगर में एमडीए की फर्जी टीम बनकर अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर मंगलवार को वायरल वीडियो में दो हजार रुपये मांगने और बाद में पांच सौ रुपये लेकर जाने की बात सामने आई है। एमडीए के उपाध्यक्ष ने मामले की जांच शुरू करा दी है।
वायरल वीडियो सुल्तान नगर-नवादा मार्ग स्थित एक घर के सामने का बताया जा रहा है। इसमें दो लोग करीब 60 वर्षीय नागरिक से रुपये मांगते सुनाई दे रहे हैं। नागरिक मंडी धनौरा विधायक राजीव तरारा को अपना रिश्तेदार बताते हुए कहता है कि वह उनके कहने पर एमडीए कार्यालय गया था। इस पर एक व्यक्ति कहता है कि विधायक का नाम पहले बता देना चाहिए था। दोनों गाड़ी के तेल का खर्च मांगते हैं। एक व्यक्ति दो हजार रुपये मांगता है, लेकिन बाद में पांच सौ रुपये लेकर चले जाते हैं।
एमडीए के एई राजीव गोविल ने बताया कि विभाग में तीन सुपरवाइजर हैं, लेकिन उनमें से कोई मौके पर नहीं गया था। इससे फर्जी टीम होने की आशंका है। मामले की जांच की जा रही है।
एक शिकायत मिली थी कि खुद को एमडीए की टीम बताने वाले लोग किसी नागरिक से रुपये मांग रहे थे। रुपये मांगने वाले कौन लोग हैं, यह जांच की की जा रही है। उनका पता लगते ही एफआईआर दर्ज कराई जाएगी-
अभिषेक सिंह, उपाध्यक्ष एमडीए मुरादाबाद