हसनपुर। एचडीएफसी बैंक की हसनपुर शाखा में किसान का किसान क्रेडिट कार्ड आवेदन निरस्त होने के बावजूद उसकी जमीन पर ऋण चढ़ा दिया गया। इससे किसानों में रोष है। भारतीय किसान संघ के कार्यकर्ताओं ने बैंक के बाहर प्रदर्शन कर समस्या के समाधान की मांग की। इस दौरान किसानों ने नारेबाजी भी की।
शुक्रवार को भाकिसं के कार्यकर्ता और किसान बैंक के बाहर पहुंचे और प्रदर्शन किया। संगठन के जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश शर्मा ने कहा कि गांव हरियाना निवासी किसान इंतजार ने करीब सात माह पहले हसनपुर की एचडीएफसी बैंक में केसीसी के लिए आवेदन किया था लेकिन बैंक द्वारा लगाई गई कुछ शर्तों को पूरा न कर पाने के कारण उनका ऋण स्वीकृत नहीं हुआ। किसान को बैंक की ओर से बताया गया था कि उनका आवेदन निरस्त हो गया है।
हाल में इंतजार ने दूसरे बैंक में केसीसी के लिए आवेदन किया तो उन्हें पता चला कि एचडीएफसी बैंक की हसनपुर शाखा ने उनकी कृषि भूमि की फर्द पर केसीसी ऋण चढ़ाया हुआ है। बिना ऋण लिए व आवेदन निरस्त होने के बावजूद भूमि पर ऋण दर्शाये जाने से किसान परेशान है।
बैंक की हसनपुर शाखा में की शिकायत
किसान इंतजार ने एचडीएफसी बैंक के शाखा प्रबंधक को एक लिखित शिकायत दी है जिसमें उन्होंने बैंक द्वारा की गई इस त्रुटि को सुधारने और उनकी जमीन की फर्द से इस गलत ऋण को तुरंत हटाने की मांग की है। शाखा प्रबंधक सौरव सक्सेना का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। इसकी जांच करने के बाद समस्या का समाधान कराया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में महिपाल सिंह, यशवीर सिंह, धर्मपाल सिंह, लाखन सिंह, उमेश चंद्र, रतन सिंह, गंगाराम, राजेंद्र सिंह, मिश्री सिंह आदि शामिल रहे।