अमरोहा। नगर कोतवाली में तैनात तीन सिपाही लाइसेंस धारक मांस कारोबारी को जबरन दुकान से उठाकर ले गए और छोड़ने की एवज में सवा लाख रुपये हड़प लिए। बाद में फर्जी मुकदमा लिखवा दिया। लाइसेंस निलंबित करने के नाम पर दो लाख रुपये की मांग की गई थी। अगले दिन पांच हजार रुपये नहीं देने पर दो सिपाही दुकान से इलेक्ट्रॉनिक कांटा उठाकर ले गए। पीड़ित कारोबारी ने एसपी से आरोपी सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अमरोहा के मोहल्ला लकड़ा निवासी उवैद मांस की दुकान चलाते हैं। उनके पास खाद्य विभाग का लाइसेंस है। आरोप है कि करीब एक माह पहले नगर कोतवाली में तैनात तीन सिपाही उवैद की दुकान पर पहुंचे और उन्हें पकड़कर कोतवाली ले गए। तीनों सिपाहियों ने किसी परिचित से मांस मंगाकर फर्जी मुकदमा लिखने की धमकी दी। उवैद गिड़गड़ाते रहे लेकिन सिपाहियों ने उन्हें नहीं छोड़ा। आरोप है कि सिपाहियों ने उवैद के खिलाफ फर्जी मुकदमा लिखा दिया।
इसके बाद सिपाहियों ने लाइसेंस निलंबित करवाने की धमकी दी व बचने के लिए दो लाख की मांग की गई। इस पर उवैद ने परिजनों से बात की और तीनों सिपाहियों को 1.2 लाख रुपये दे दिए। तीनों ने यह बात किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि मुकदमा लिखने के बाद थाने से ही जमानत दे दी गई लेकिन दूसरे दिन फिर तीनों सिपाही दुकान पर पहुंचे और पांच हजार रुपये की मांग करने लगे। उवैद ने रुपये देने से मना किया तो इलेक्ट्रॉनिक कांटा उठाकर ले गए। पीड़ित ने कोतवाली जाकर अपना इलेक्ट्रिक कांटा मांगा तो देने से इनकार कर दिया। अब तीनों सिपाही रुपयों की मांग कर रहे हैं और अफसरों से शिकायत करने पर बर्बाद करने की धमकी दी जा रही है। कारोबारी ने एसपी को शिकायतीपत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
-
सिपाहियों के सिर पर एक सत्ताधारी युवा नेता का हाथ
शहर में चर्चा है कि तीनों सिपाहियों पर एक सत्ताधारी युवा नेता का हाथ है। उन नेताजी का तालमेल पुलिस के अधिकारियों से भी अच्छा है जिससे तीनों अपनी मनमर्जी कर रहे हैं। चर्चा है कि तीनों सिपाहियों ने अधिकारियों से पैरवी करने के एवज में सत्ताधारी पार्टी के नेता को करीब डेढ़ लाख रुपये की कीमत का फोन गिफ्ट दिया है।
-
इस तरह का मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है। सोमवार को दो बजे तक ऑफिस में ऐसी कोई शिकायत मुझे नहीं मिली है। अगर ऐसा मामला है तो जांच कराई जाएगी, जो भी दोषी उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।- अमित कुमार आनंद, एसपी अमरोहा