अमरोहा। विशेषाधिकार हनन के मामले में विधान परिषद के सभापति के कार्यालय में शुक्रवार को अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अमरोहा पेश हुए। उन्होंने मामले में खेद जताया। जिले में पहली बार किसी अधिशासी अधिकारी की विधान परिषद में पेशी हुई है।
सपा एमएलसी परवेज अली ने सदन को अवगत कराया कि सीयूजी नंबर से फोन करने पर अधिशासी अधिकारी ने नहीं उठाया। व्यक्तिगत मोबाइल नंबर से फोन करने पर ईओ ने बताया कि सत्ताधारी दल के विधायकों का फोन नहीं उठाता हूं, आप विपक्ष के हैं। इसके अलावा कहा कि गोरखपुर का हूं, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता है। सदन के समक्ष मामला आने के बाद सदस्यों ने हैरत जताया। सभी ने एक स्वर में अधिशासी अधिकारी को उपस्थित करने की मांग की। इसके बाद अधिष्ठाता सुरेश त्रिपाठी ने शुक्रवार को सभापति के कक्ष में उपस्थित होने का आदेश दिया। इसके बाद ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी शुक्रवार को निर्धारित समय पर विधान परिषद में पहुंचे। सभापति रमेश यादव के कार्यकक्ष में सदस्यों के समक्ष पेश हुए। इसके बाद उन्होंने मामले के प्रति खेद जताया।