ढबारसी (अमरोहा)। दिल्ली हिंसा के आरोपी ताहिर हुसैन ने तीन साल पहले पौरारा स्थित अपना पुश्तैनी मकान बेच दिया था। फिर भी ताहिर ने गांव से नाता जोड़ रखा है। वह ईद या शादी आदि के मौके पर गांव आता रहता है। ताहिर ने अपनी दिल्ली स्थित फैक्ट्री में जिले के आमदपुर थानाक्षेत्र के कई लोगों को मजदूरी पर लगा रखा है।
दिल्ली के चांदबाग में हुई हिंसा के आरोपी बताए जा रहे आम आदमी पार्टी के पार्षद ताहिर हुसैन मूल रूप से अमरोहा जिले के गांव पौरारा का रहने वाला है। वह बीस साल पहले गरीबी और सौतेली मां के व्यवहार से आहत होकर दिल्ली चला गया था। जहां उसने फर्नीचर तैयार करने का काम सीखा। फिर बड़े पैमाने पर फर्नीचर का कारोबार शुरू कर दिया। फिलहाल ताहिर का पूरा परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया है। तीन साल पहले ताहिर ने पौरारा का पुश्तैनी मकान भी बेच दिया। पंद्रह साल पहले तीन बीघा जमीन भी बेच दी थी। हालांकि अब भी वह पौरारा आता जाता है। ईद, शादी विवाह जैसे आयोजनों में ताहिर गांव आता है। कक्षा आठ तक की पढ़ाई करने वाले ताहिर की दिल्ली के चांदबाग में फैक्ट्री हैं। जहां आदमपुर थानाक्षेत्र के कई गांवों के लोग मजदूरी करते हैं।