यह घटना कोतवाली डिडौली क्षेत्र के गांव ड्योढी उर्फ हादीपुर की है। गांव निवासी मोहित कुमार का आरोप है कि शनिवार दोपहर करीब 3:15 बजे उनकी गर्भवती पत्नी नीरू घर पर अकेली थी। आरोप है कि पुरानी कहासुनी को लेकर गांव के जबर सिंह अपनी पत्नी कविता, बेटे अवनीश के अलावा चंद्रप्रकाश, जुगले सिंह, राजेंद्र सिंह, मुनेंद्र, रघुवीर, अंकुर के साथ उनके घर में घुस गए। उनकी पत्नी के साथ गाली-गलौज कर मारपीट की। जिससे वह बेहोश हो गई।
आरोपियों ने घर में रखा सामान भी तोड़फोड़ की। आरोपी जाते हुए जान से मारने की धमकी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस की पीआरवी वैन मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस बुलाकर नीरू को बेहोशी की हालत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी है। प्रभारी निरीक्षक हरीश वर्धन सिंह ने बताया कि मारपीट के मामले में मोहित कुमार की तहरीर पर नौ आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मेडिकल रिपोर्ट व जांच के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।