गजरौला(अमरोहा)। नगर में मूंगफली मिल के पास सड़क पार करते समय डीसीएम की चपेट में आकर बुलंदशहर के गुलावठी थाना क्षेत्र के गांव सनौता निवासी कुंवरजीत (52) की मौत हो गई। हादसे से गुस्साए उनके भांजे ने डीसीएम में तोड़फोड़ कर हंगामा किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
कुंवरजीत की नौगावां सादात थाना क्षेत्र में रिश्तेदारी है। शनिवार रात वह भांजे ललित कुमार और पंकज के साथ एक बाइक से नगर आ रहे थे। मूंगफली मिल के पास तीनों ने बाइक खड़ी की। ललित और पंकज बाइक के पास रुक गए, जबकि कुंवरजीत सड़क पार करने लगे। इसी दौरान डीसीएम की चपेट में आकर वह घायल हो गए। सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मामा की मौत से आक्रोशित ललित ने डीसीएम में तोड़फोड़ की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डीसीएम कब्जे में ले ली और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि हादसे में अधेड़ की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई की है।