गजरौला(अमरोहा)। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर बुधवार को एमडीए का पीला पंजा चल गया। यह कार्रवाई प्रशासन की रिपोर्ट के बाद मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव के निर्देश पर एसडीएम, सीओ और पुलिस-पीएसी के जवानों की मौजूदगी में हुई। यहां लगे बिजली के खाली सीमेंट़ेड पोल, निर्माण और कई बुनियादें जेसीबी से तुड़वा दी गईं। इस दौरान संबंधितों में खलबली रही।
बुधवार की अपराह्न मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव ने निर्देश पर एमडीए की टीम जेसीबी मशीन लेकर यहां हाईवे पर सलारपुर में की जा रही एक कालोनी की अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कराने पहुंची। साथ में पुलिस और पीएसी के जवान भी थे। इसी दौरान वहां एसडीएम विवेक यादव और सीओ सत्येंद्र सिंह भी आ पहुंचे। भारी लावलश्कर के साथ आई टीम के कालोनी में पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में खलबली मच गई। टीम के साथ आई जेसीबी के चालक ने अफसरों के निर्देश पर बगैर देरी किए वहां हुआ निर्माण, मकान बनाने के लिए तैयार की गई बुनियादें तोड़नी शुरू कर दीं। इसके अलावा वहां खड़े बिजली के खाली सीमेंटेड पोल भी गिरा दिए। वहां मौजूद कालोनाइजर मुकेश चौधरी ने अपना पक्ष रखना चाहा लेकिन अधिकारी नहीं माने। बताया कि प्लाटिंग नक्शा पास किए बगैर कराई जा रही थी। वहीं कालोनी में एक ट्राली में ईंटें उतरती देख एसडीएम विवेक यादव ने उसके कागजात चेक करने और नहीं मिलने पर थाने ले जाने के निर्देश पुलिस को दिए।
गजरौला इंडस्ट्रियल एरिया में नक्शा पास कराए बगैर अवैध कालोनी काटे जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इस कालोनी की रिपोर्ट भी प्रशासन ने एमडीए को भेजी थी। एमडीए के आला अफसरों के निर्देश पर ही एमडीए की टीम इसके ध्वस्तीकरण को आई है।
विवेक यादव, एसडीएम (मंडी धनौरा)
कहीं भी किसी भी कालोनी में भूखंड लेने से पहले देख लें कि वहां बिजली का कनेक्शन है भी अथवा नहीं। ग्राहकों को गुमराह करने के लिए कई बार कालोनाइजर बिजली के खाली पोल गाड़ देते हैं। पता तब चलता है जब भूखंड स्वामी को कनेेक्शन के लिए चक्कर लगाने पड़ते हैं।
हरीश कुमार, एक्सईएन
गजरौला में हाईवे किनारे मुकेश चौधरी के नाम से अवैध कालोनी काटी जा रही थी। नक्शा भी पास नहीं कराया गया था। आला अफसरों के निर्देश पर ही यहां आकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है। कालोनाइजर मौके पर भी कोई कागजात नहीं दिखा सके।
सत्यव्रत, एई एमडीए
गजरौला में कई जगह चल रही हैं अवैध प्लाटिंग
गजरौला। दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर तीर्थनगरी ब्रजघाट के करीब स्थित औद्योगिक नगरी गजरौला में कई स्थानों पर अवैध कालोनी काटकर प्लाटिंग की जा रही है। इसमें कई सफेदपोश जुड़े हुए हैं। सिर्फ कालोनी की चहारदीवारी और वहां सीसी रोड बनाकर पेड़-पौधे लगाने के बाद लोगों को सब्जबाग दिखाकर अपनी जेबें भरी जा रही हैं। इनमें अधिकांश लोगों के पास एमडीए के नक्शे तक नहीं हैं लेकिन वहां के कारिंदों से मधुर संबंधों के जरिए ये अपने काम को अंजाम दे रहे हैं।
एक ही जेसीबी देख एसडीएम ने जताई नाराजगी
गजरौला। यहां हाईवे पर किनारे सलारपुर में मुकेश चौधरी की बगैर नक्शा पास कराए बन रही अवैध कालोनी में प्रशासन की रिपोर्ट और सचिव के निर्देश पर आए एमडीए के कारिंदे जेब में हाथ डालकर इधर-उधर टहलते रहे। वहीं मौके पर एक ही जेसीबी देख एसडीएम विवेक यादव ने एमडीए के जेई से नाराजगी जाहिर की। कहा कि चार की बात हुई थी। क्या शाम तक यहीं खड़े रहेंगे? इसके बाद टीम में शामिल अन्य लोग भी सकते में आ गए।