गजरौला में अतिक्रमण हटवाते टीएसआई व ईओ। स्रोत स्वयं
- फोटो : फाइल फोटो
गजरौला। यातायात पुलिस और ईओ ने हसनपुर मार्ग से इंदिरा चौक तक अतिक्रमण हटवाया। दुकानों के आगे रखे सामान को हटवाया। सड़क पर खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। हसनपुर मार्ग पर पुलिस व ईओ को दुकानदारों के विरोध का सामना करना पड़ा। दुकानदारों को हिदायत दी कि नाले से आगे कोई भी सामान रखा तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2.30 बजे यातायात प्रभारी अनुज कुमार व ईओ ललित कुमार आर्य ने अतिक्रमण हटवाने के लिए अभियान चलाया। पुलिस व नगर पालिका की टीम ने जेसीबी के साथ चौपला से हसनपुर मार्ग पर अभियान शुरू किया। दुकानों के आगे जो सामान रखा था, उसे हटवाया गया। हिदायत दी कि कोई भी सामान नगर पालिका के नाले से आगे सड़क पर न रखें। टीम अतिक्रमण हटवाते हुए मॉडल शराब की दुकान के निकट पहुंची।
यहां दुकानदारों के खासे विरोध का सामना करना पड़ा। उन्होंने दुकानों के आगे लगाए टिनशेड और टांग रखे त्रिपाल आदि हटाने का विरोध किया, मगर यातायात पुलिस व पालिका टीम ने जेसीबी से अतिक्रमण हटवा दिया। इसके बाद टीम अतिक्रमण हटवाती हुई चौपला से लेकर इंदिरा चौक तक आई। ईओ व यातायात प्रभारी ने निर्देश दिए कि सड़क पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। संवाद