सैदनगली। चेकिंग करने गई विद्युत विभाग की टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। बिजली टीम के साथ मारपीट की गई। लाइनमैन को घर में बंद कर लिया। जमकर नोकझोंक व हंगामा हुआ। पुलिस को तहरीर दी गई है। पुलिस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
इकौंदा बिजलीघर पर तैनात अवर अभियंता नवीन कुमार व उपखंड अधिकारी दिवेश कुमार व बिजली टीम के साथ बिजली चेकिंग के लिए अतर अब्बास के यहां गए थे। यहां पर पाया कि घर का केबल दूसरे के मकान की छत से अवैध रूप से जुड़ा हुआ है। जिसे उतारने के लिए वह बिजली कर्मचारियों के साथ छत पर पहुंच गए। जब वह नीचे उतरे तो आरोपी ने दरवाजा बंद कर लिया गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बिजली कर्मियों ने वीडियो बनाने का प्रयास किया तो मोबाइल छीन लिए। किसी तरह से घर में बंद लाइनमैन को बाहर निकाला। आरोप है कि मारपीट की गई। धर्मेंद्र लाइनमैन को जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली गलौज की गई। जेई ने आरोपियों खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग को थाने में तहरीर दी है। थानाध्यक्ष संदीप कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।