अमरोहा। विकास भवन के बिजली कंट्रोल पैनल में शुक्रवार को आग लगने के बाद सोमवार को भी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। जेनरेटर के सहारे दफ्तरों में आपूर्ति की गई। बिजली की किल्लत दूर करने के लिए ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि की जाएगी। इसका स्टीमेट तैयार किया जा रहा है। फिलहाल लोड कम करने के लिए अलग-अलग दफ्तरों में लगी 48 एसी के कनेक्शन कटवा दिए गए हैं।
विकास भवन में आए दिन बिजली की किल्लत से कार्यालयों में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। दरअसल, विकास भवन के तैयार होने के समय वहां 63केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया था लेकिन समय बढ़ने के साथ दफ्तरों में कंप्यूटर बढ़े साथ ही कई दफ्तरों में एसी भी लग गई। इससे विकास भवन में ओवरलोड की समस्या होने लगी है।
गर्मियों में लोड बढ़ने के कारण वहां आए दिन फाल्ट की समस्या बनी रहती है। पिछले साल भी गर्मियों में बिजली के कंट्रोल पैनल में आग लग गई थी। बीते शुक्रवार को बिजली कंट्रोल पैनल में आग लगने का हादसा हो गया। बमुश्किल आग पर काबू पाया जा सका था। सूचना पर पहुंचे बिजली विभाग के अफसरों ने ओवरलोड को आग लगने का कारण बताते हुए विकास भवन में रखे ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि का सुझाव दिया था। सीडीओ ने बिजली विभाग के अफसरों को क्षमता वृद्धि के लिए स्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को भी विकास भवन में बिजली की समस्या बनी रही। जेनरेटर से दफ्तरों में बिजली की आपूर्ति की गई। बिजली न आने के कारण शौचालयों में पानी की किल्लत भी रही।
वर्जन
- बिजली की समस्या को दूर करने के लिए ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि करने के निर्देश दिए गए हैं। स्टीमेट तैयार कराया जा रहा है। इससे आए दिन होने वाली बिजली की समस्या का स्थाई तौर पर समाधान हो सकेगा। फिलहाल विकास भवन के दफ्तरों की एसी के कनेक्शन कटवाए गए हैं। - अश्वनी कुमार मिश्रा, सीडीओ