बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आकर सूफियान (7) की मौत हो गई। घटना बुधवार शाम की है। बिजनौर निवासी बालक नौगांवा सादात में अपने नाना-नानी के घर रहता था और यही के मदरसे में पढ़ने जाता था। उधर, घटना से लोगों में आक्रोश है। हालांकि, परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है।
सूफियान बिजनौर जिले के चांदपुर थानाक्षेत्र के मसीत गांव के रहने वाले सलीम का बेटा था। चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर के सूफियान के नाना रईस नौगांवा सादात के मोहल्ला फरीदी वाली गली नई बस्ती में रहते हैं। दो साल से सूफियान नाना के घर पर रहकर मदरसे में पढ़ाई कर रहा था। मोहर्रम के चलते नौगांवा सादात में इन दिनों मदरसों की छुट्टी चल रही हैं। इस पर सूफियान की मां सायरा उसे लेने आई थी।
बुधवार देर शाम सायरा कस्बे में स्थित दूसरी रिश्तेदारी से सूफियान के साथ पिता के घर लौट रही थी। दोनों मां-बेटा घर से थोड़ा पहले एक बीड़ी के कारखाने के सामने पहुंचे। कारखाने के सामने सड़क पर माैजूद लोहे के बिजली के खंभे पर करंट उतर आया था, जिसकी चपेट में सूफियान आ गया और उसकी मौत हो गई। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, इस दौरान परिजनों ने कानूनी कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया। परिजन शव को चांदपुर ले गए और सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। सीओ अवधभान भदोरिया ने घटना की जानकारी से इन्कार किया है।
मां के साथ घर जाता सूफियान पहुंचा शव
परिजनों के मुताबिक मोहर्रम की छुट्टी के चलते सूफियान की मां सायरा उसे लेने आई थी। बृहस्पतिवार को मां और बेटे दोनों को अपने चांदपुर के गांव मसीत जाना था, लेकिन घर सूफियान नहीं उसका शव पहुंचा। सूफियान की मौत के बाद परिजन बदहवास हैं, जबकि, उसके नाना रईस का रो-रोकर बुरा हाल है।
आगे चल रही थी मां सायरा, पीछे था बालक
स्थानीय लोगों के मुताबिक हादसे के समय सूफियान की मां सायरा आगे चल रही थी, जबकि वह पीछे था। जिस खंभे से हादसा हुआ वह सड़क पर है। लोहे के इस खंभे में करंट आ रहा था, इससे लोग अन्जान थे। सूफियान खंभे से उतरे करंट की चपेट में कैसे आ गया, परिजन इससे अन्जान है, लेकिन खंभे पर करंट उतरना बिजली विभाग की लापरवाही को दर्शाता है। बरसात के मौसम में बिजली विभाग को गंभीरता से लेना चाहिए।
- हादसे के बाद टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई गई थी। बिजली के तारों पर बंदर कूद गया था, जिसकी वजह से तार खंभे से लग गया। तभी, वहां से बच्चा अपनी मां के साथ गुजर रहा था, जिसके चलते हादसा हो गया। घटना दुखद है। इस तरह के खंभों पर पॉलिथीन लपेटने का काम किया जा रहा है। बारिश के मौसम में लोगों को भी सावधानी बार रखने की जरूरत है। करंट उतरने की आशंका बनी रहती है। बिजली के खंभों से दूर ही रहें।
- संजय सिंह, एसई