अमरोहा। डीएम उमेश मिश्र ने कहा कि निर्वाचन के काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फ्लाइंग टीम पूरी तरह भ्रमण करें। रुपये, शराब या अन्य तरह से चुनाव को प्रभावित करने की जानकारी मिले तो मौके पर जाएं। संबंधित के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करें। लापरवाही पर बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने का निर्देश दिया है। इसके चलते अफसरों में हड़कंप मचा है।
वह शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उप चुनाव के लिए प्रभारी अधिकारियों के कार्यों की समीक्षा कर रहे थे। फ्लाइंग स्क्वॉड टीम से जानकारी ली। लगातार दो बैठकों में अनुपस्थित और निर्वाचन काम में रुचि नहीं लेने पर बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी को प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्मिकों को प्रशिक्षण रुचिकर बनाया जाए। उन्होंने कहा कि कार्मिकों के शंका को दूर किया जाए। इन लोगों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण से पहले सैनिटाइजेशन के अलावा थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी। सीटिंग प्लान में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन जरूरी है। उन्होंने कहा कि फ्लाइंग स्क्वॉड टीम निरंतर भ्रमण करें। कहीं पर रुपये वितरण की जानकारी मिले तो मौके पर जाए। इसके अलावा शराब के बांटने के मामले को गंभीरता से लें। घटनाक्रम की वीडियोग्रॉफी कराई जाए। आचार संहिता के उल्लंघन में कार्रवाई नहीं होने पर टीम की जवाबदेही तय होगी। इस दौरान सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ल, एडीएम वित्त और राजस्व विनय कुमार सिंह, डिप्टी कलेक्टर मांगेराम चौहान, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी संजय बंसल, डीडीओ प्रदीप यादव आदि रहे।