अमरोहा। कोरोना के संक्रमण से रविवार को पूर्व ग्राम प्रधान समेत आठ लोगों की मौत हो गई। वहीं 570 लोग संक्रमित हैं। इसमें जिला अस्पताल के अलावा अमरोहा, धनौरा और हसनपुर सीएचसी के एक-एक चिकित्सक और न्यायालय के सात कर्मचारी पॉजिटिव आई है। इसके अलावा गजरौला के एक मोहल्ले में 30 लोग संक्रमित मिले हैं। इसके चलते हड़कंप मच गया है। वहीं गजरौला की फैक्टरियों में रविवार को भी कोरोना का कहर बरपा। दोनों फैक्टरियों में कुल 15 लोग संक्रमित हैं।
सीएमओ डॉ. सौभाग्य प्रकाश ने बताया कि कोरोना से जिले में आठ लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि अमरोहा में 246, जोया में 128, हसनपुर में 86, गजरौला में 56 और धनौरा में 54 लोग संक्रमित मिले हैं। उन्होंने बताया कि 774 लोगों की आरटीपीसीआर जांच में 285 संक्रमित निकले हैं। निजी लैब में 57, ट्रूनेट की जांच 31 लोगों की हुई जिसमें 12 संक्रमित मिले। इसके अलावा एंटीजन के 863 के जांच में 216 पॉजिटिव आए हैं। उन्होंने बताया कि अमरोहा सीएचसी में डॉक्टर समेत तीन पॉजिटिव हैं। इसके अलावा बैंक कर्मचारी, जिला अस्पताल में डॉक्टर, फॉर्मेसिस्ट समेत पांच, कलक्ट्रेट कर्मचारी 56 वर्षीय, एक वाणिज्य कर कर्मचारी संक्रमित मिला है। इनके अलावा दीवानी न्यायालय के सात कर्मचारी संक्रमित हैं। हसनपुर सीएचसी में डॉक्टर और दो महिला पॉजिटिव हैं। गजरौला की दो फैक्टरियों में क्रमश: पांच और 10 संक्रमित मिले हैं। गजरौला के एक मोहल्ले के 30 पॉजिटिव हैं। जोया सीएचसी में स्टाफ नर्स और पीडब्ल्यूडी का कर्मचारी संक्रमित मिला है। धनौरा सीएचसी के डॉक्टर और लैब तकनीशियन पॉजिटिव रिपोर्ट आई हैं।
जिले में कोरोना की स्थिति ( दो मई 2021 को)
संक्रमित------570
ठीक हुए ------125
मौत-----------8
सक्रिय------4,014