जिला अस्पताल में एक्स-रे मशीन ठीक करते इंजीनियर। संवाद
अमरोहा। दीपावली से अगले दिन खराब हुई जिला अस्पताल की एक्सरे मशीन आठ दिन बाद भी ठीक नहीं हो पाई है। मशीन की पिक्चर ट्यूब खराब हो गई थी। मंगलवार को भी बड़ी संख्या में मरीजों को वापस लौटना पड़ा। इस दिन 20 से ज्यादा मरीजों को लौटाया गया। स्टाफ की ओर से मरीजों को दो दिन बाद का समय दिया गया। ऐसे में कई मरीजों को निजी सेंटरों पर एक्सरे कराने पड़े। लखनऊ से आए इंजीनियर शाहिद मशीन को ठीक करने में जुटे हैं।
अमरोहा जिला अस्पताल में साल 2018 में डिजिटल एक्सरे मशीन लगी थी। जिलेभर के अधिकांश मरीज जिला अस्पताल में एक्सरे करने आते हैं। अस्पताल कर्मियों की माने तो रोजाना 160 से 170 मरीजों के एक्सरे होते हैं। इसके अलावा लड़ाई झगड़े में घायल 50 से 60 लोगों के एक्सरे होते हैं। दीपावली से अगले दिन यानी 21 अक्तूबर को अस्पताल में आधे दिन ओपीडी हुई थी।
इस दौरान कर्मचारी मरीजों के एक्सरे कर रहे थे। तभी अचानक मशीन की पिक्चर ट्यूब हो गई। इसके बाद मरीजों के एक्सरे नहीं हो सके। जिला अस्पताल प्रशासन में उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए इंजीनियर से मशीन को ठीक करने की मांग की थी लेकिन इंजीनियर ने पिक्चर ट्यूब लेकर आने के लिए सोमवार या मंगलवार के दिन का समय दिया था। मंगलवार को इंजीनियर मशीन ठीक करने पहुंचे। यहां दिनभर कवायद के बाद भी मशीन ठीक नहीं हो सकी। मंगलवार को मरीज एक्सरे कराने के लिए पहुंचे मरीजों को कर्मचारियों ने मशीन खराब होने की बात कहकर वापस लौटा दिया।
- इंजीनियर मशीन ठीक करने में जुटे हैं। फिलहाल, लड़ाई-झगड़ा में घायल लोगों के एक्सरे छोटी मशीन से किया जा रहे हैं। मशीन के ठीक होते ही मरीजों के एक्सरे शुरू कर दिए जाएंगे। - डॉ. चरन सिंह, चिकित्सा अधीक्षक, जिला अस्पताल