सर्द मौसम में अलाव ताप रहे लोगों में विधानसभा चुनाव को लेकर चली चर्चा के बीच कहासुनी के बाद लाठी डंडे चल गए। मारपीट में दोनों तरफ से तीन लोग घायल हो गए। इस दौरान डीसीएम में तोड़फोड़ की गई। घायलों को रात में ही सीएचसी में उपचार कराया गया।
थाना क्षेत्र के गांव कांकाठेर में शनिवार की देर रात कुछ लोग अलाव जलाकर ताप रहे थे। इस दौरान चर्चा करने लगे कि विधानसभा चुनाव में अमुक प्रत्याशी जीतेगा। इस बीच कहासुनी हो गई। जिसके बाद दोनों तरफ से लाठी डंडे चल गए। मारपीट हो जाने पर एक तरफ से रवि व अनुज और दूसरी तरफ से राकेश घायल हो गया। इस दौरान एक डीसीएम में भी तोड़फोड़ की गई। झगड़े की सूचना पाकर पुलिस पहुंची। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी में भर्ती कराया।
पुलिस ने अनुज की तहरीर पर राकेश और अशोक और दूसरी ओर से राजू की तहरीर पर राजवीर व विजय के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि झगड़ा होने की जानकारी है। घायलों का उपचार करा दिया गया है। दोनों तरफ से रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही है।