पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली समेत चालक को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिहाली जागीर 18 वर्षीय नूर मोहम्मद पुत्र अफसर अली सैमला के खुशाल इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था। साथ ही वह इलेक्ट्रीशियन का काम भी करता था। बृहस्पतिवार की सुबह साढ़े नौ से दस बजे के बीच नूर मोहम्मद अपने साथ गांव के ही मोहम्मद राशिद पुत्र जमील अहमद के साथ चौपला पर एक घर में इलेक्ट्रीशियन का कार्य पूरा करके बाइक से गांव लौट रहा था। अल्लीपुर चौपला पर अचानक सामने से आ रही बाइक ने कट मार दिया।
बाइक को बचाने के प्रयास में नूर मोहम्मद ने भी अपनी बाइक दूसरी ओर घुमा दी। इसी दौरान पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली ने बाइक को चपेट में ले लिया। ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से नूर मोहम्मद उछल कर सड़क पर जा गिरा। ट्रैक्टर का पहिया नूर मोहम्मद के सीने के ऊपर से गुजर गया। इससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। जबकि, बाइक पर बैठा साथी युवक राशिद बाल-बाल बच गया। हादसा देख आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और ट्रैक्टर को रोक लिया।
लोगों ने चौपला चौकी पुलिस को भी सूचना दे दी। पुलिस ने नूर मोहम्मद को सरकारी अस्पताल भेज दिया, जहां चिकित्साधिकारी ने मृत घोषित कर दिया। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
थानाध्यक्ष उपेंद्र यादव ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर ट्रैक्टर चालक जयविंदर निवासी अल्लीपुर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया गया है। शव पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है।