बारिश होने की वजह से बाढ़ खंड के नाले की पैमाइश बुधवार को नहीं हो सकी। बृहस्पतिवार को नगर पालिका द्वारा नाले की पैमाइश कराई जाएगी।
चांदपुर से आ रहा बाढ़ खंड का नाला नगर के भीतर से होकर गुजर रहा है। प्रशासनिक मशीनरी की लापरवाही के चलते सालों पहले बाढ़ खंड के नाले पर तमाम लोगों ने कब्जे कर पक्के निर्माण कर लिए। नाले पर कब्जों की वजह से पानी की निकासी भी प्रभावित हो रही है। कुछ लोगों ने डीएम से बाढ़ खंड के नाले पर कब्जे की शिकायत की थी।
डीएम ने इस संबंध में अधीनस्थों को निर्देशित किया था। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी अवधेश वर्मा ने बताया कि नाले व तालाब पर कब्जे करने पर 48 लोगों के खिलाफ एसडीएम कोर्ट में 4पीपी एक्ट के तहत मुकदमें दायर किए गए हैं। ईओ ने बताया कि बुधवार को बाढ़ खंड के नाले की पैमाइश की जानी थी। लेकिन मौसम खराब होने के कारण पैमाइश नहीं हो सकी। अब बृहस्पतिवार को पैमाइश कराई जाएगी।