गजरौला (अमरोहा)। गंगा पार लठीरा गांव में खाने को लेकर हुए विवाद में मुन्नू खड़गवंशी और उसके बेटे ने अपने ही दूसरे 26 वर्षीय बेटे विनोद पर फावड़े से हमला कर दिया। जिसमें उसका एक हाथ और पैर भी बुरी तरह से जख्मी हो गए। सिर में भी गंभीर घाव हो गया। वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया। पिता द्वारा बेटे पर फावड़े से हमले की खबर पूरे गांव में फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ केस दर्जकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जबकि हमला करने वाला बेटा भाग निकला। घायल को मरणासन्न हालत में मेरठ में भर्ती कराया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सोमवार की रात साढ़े दस बजे गांव निवासी मुन्नू खड़गवंशी शराब पीकर आया। उसने बेटे विनोद से खाना मांगा। जिस पर पिता-पुत्र में कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। गुस्से में आपा खो बैठे पिता मुन्नू खड़गवंशी ने अपने एक बेटे राजपाल की मदद से दूसरे बेटे विनोद पर फावड़े से हमला कर दिया। जिससे उसके हाथ और पैर बुरी तरह से घायल हो गए। सिर पर भी वार कर दिया। जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। बेटे को फावड़े से हमला करने की खबर पूरे गांव में फैल गई। ग्रामीण इकट्ठा हो गए।
सूचना पाकर पुलिसकर्मी पहुंच गए। घायल को मरणासन्न हालत में रात में ही मेरठ में भर्ती कराया। आरोपी मुन्नू को पुलिस ने हिरासत में लिया। चौकीदार धन सिंह की तहरीर पर पिता और भाई के खिलाफ जान से मारने की नीयत से हमला करने का केस दर्ज किया। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल विनोद मेरठ में भर्ती है।
परेशान होकर दूसरे गांव में रहने लगी पत्नी
गजरौला। थाना क्षेत्र के गंगा पार स्थित लठीरा निवासी मुन्नू खड़गवंशी शराब पीने का आदी है। उस पर पांच बेटे हैं। मगर खेती की जमीन नहीं है। बंटाई और ठेके पर जमीन लेकर परिवार गुजारा करता है। उसके शराब पीने के आदी होने के कारण परिवार के सामने आर्थिक तंगी रहती है। उससे क्षुब्ध होकर पत्नी नन्ही एक बेटे बंटी को साथ लेकर शकराटीला चली गई। वहीं पर रहती है। मुनेश बाहर नौकरी करता है। मुन्नू खड़गवंशी के तीन बेटे विनोद और राजपाल सहित तीन भाई लठीरा में रहते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि मुन्नू व उसके बेटे झगड़ालू किस्म के हैं। जो आए दिन लोगों से लड़ाई झगड़ा करते हैं।