अमरोहा। लकड़ा चौराहे पर सोमवार को एक युवती ने हंगामा करते हुए ई-रिक्शा चालक की पिटाई कर दी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि युवती नशे की हालत में थी और बीच चौराहे पर चालक को रोककर उसके साथ मारपीट की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती ने अचानक ई-रिक्शा चालक बिना किसी कारण रोका और पीटना शुरू कर दिया। युवती ने चालक की पिटाई का खुद भी वीडियो बनवाया। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया। चर्चा है कि युवती ने सोशल मीडिया पर फेमस होने और इलाके में दबंगई दिखाने के उद्देश्य से ऐसी हरकत की।
वायरल वीडियो में युवती के पास अवैध तमंचा होने की बात भी सामने आ रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है। लोगों का कहना है कि युवती के अन्य वीडियो और फोटो भी सामने आए हैं, जिनमें वह सिगरेट पीते और शराब के पैक के साथ नजर आ रही है। इससे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। नगर कोतवाली पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। सीओ अभिषेक यादव ने बताया कि वीडियो की सत्यता और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद