अमरोहा। शहर में फर्राटा भरने वाले ई-रिक्शा व ऑटो पर चालकों को अब अपना नाम व मोबाइल नंबर के साथ ही आधार कार्ड नंबर भी लिखना होगा। महिलाओं के साथ बढ़ रही घटनाओं को लेकर राज्य महिला आयोग के संज्ञान लेने के बाद एआरटीओ प्रशासन की ओर से यह आदेश जारी किया गया है।
ऑटो व ई-रिक्शाओं में महिलाओं के साथ आए दिन होने वाली घटनाओं को राज्य महिला आयोग ने गंभीरता से लिया है। इस संबंध में प्रभावी कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग को पत्र भी जारी किया था, जिसके बाद महिलाओं में सुरक्षा की भावना जगाने के लिए परिवहन विभाग की ओर से कवायद शुरू की गई है। इसके तहत जिले में ई-रिक्शा, ऑटो, ओला, कैब, रैपिडो व टैंपो आदि का संचालन करने वाले चालकों को अपना नाम व मोबाइल नंबर के साथ ही अपना आधार नंबर भी वाहन पर लिखना होगा। यह सभी जानकारी हिंदी भाषा में स्पष्ट अक्षरों में लिखवानी होंगी। डिटेल ऐसी जगह पर लिखनी होंगी, जहां यात्री द्वारा आसानी से देखी व पढ़ी जा सके। एआरटीओ प्रशासन बबीता वर्मा ने बताया कि सूचनाएं दर्ज न करने पर वाहन स्वामी और चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के कार्रवाई की जाएगी।