गजरौला। तेज रफ्तार डीसीएम ने सामने से आ रही ईको वाहन को टक्कर मार दी। हादसे में ईको चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डीसीएम छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। डीसीएम चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मंगलवार की रात लगभग सवा बारह बजे यह हादसा हसनपुर रोड पर एस्सार पंप से आगे हुआ। बताते हैं कि थाना क्षेत्र के गांव अहरौला तेजवन निवासी लोकेश (30) पुत्र रामप्रसाद हसनपुर में एक शादी समारोह में शामिल होकर अपने ईको वाहन से लौट रहा था। गजरौला की दिशा से आए तेज रफ्तार डीसीएम ने ईको वाहन में टक्कर मार दी। बताते हैं कि हादसे के बाद चालक डीसीएम छोड़कर फरार हो गया। वहीं सूचना मिलने पर चौपला चौकी इंचार्ज संत कुमार मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने ईको चालक को लहूलुहान हालत में सीएचसी भिजवाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी होने के बाद परिजन भी बिलखते हुए सीएचसी आ पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बुधवार को एसआई संत कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चालक की तलाश की जा रही है।