ओवरहेड टैंक की सीढ़ियों पर मधुमक्खियों के छत्तों की वजह से सफाई का काम रुक गया है। बड़े छत्ते देखकर कर्मचारी घबरा गए हैं। अधिकारियों को अवगत कराते हुए उन्होंने मधुमक्खियों को उड़ाने के बाद ही ओवरहेड टैंकों की सफाई करने की बात कही है।
नगर पालिका परिषद ने शहरियों को स्वच्छ पेयजलापूर्ति करने के लिए पांच ओवरहेड टैंक बनाए हैं। इनमें से मोहल्ला अहमदनगर व आवास विकास कालोनी स्थित टैंक की पालिका कर्मचारी सफाई कर चुके हैं, जबकि तीन टैंक की सफाई में मधुमक्खी के छत्तों को देखकर सफाई के काम को रोक दिया है।
उनके बड़े छत्तों की वजह से कर्मचारी टैंक तक पहुंचने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं। स्थिति से अधिकारियों को अवगत करा दिया है। कर्मचारियों ने मधुमक्खियों को उड़ाने के बाद ही सफाई की बात कही है।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी मनोज रस्तोगी ने बताया कि मधुमक्खियों के कारण टैंक की सफाई का काम प्रभावित हो रहा है, जिन्हें उड़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द से जल्द टैंकों को साफ किया जाएगा। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।