अमरोहा। लगातार मिल रहीं शिकायतों के बाद डीएम के स्टिंग ऑपरेशन में फंसी छेबड़ा पीएचसी प्रभारी डॉ. इफरा की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। सोमवार को कलक्ट्रेट में आयोजित हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में डीएम ने इसका अनुमोदन दे दिया।
इसके साथ ही डीएम निधि गुप्ता वत्स ने नौगांवा सादात और अमरोहा सीएचसी के लिए दो अल्ट्रासाउंड मशीनें भी दीं। उन्होंने कहा कि इससे जरूरतमंद लोगों को सहूलियत हो सकेगी। कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य कार्यक्रमों के लिए 45 करोड़ रुपये के बजट का अनुमोदन दिया गया। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि बजट का सदुपयोग होना चाहिए। इसमें कोई लापरवाही न होनी चाहिए
डीएम ने शिकायतों के बाद स्टिंग ऑपरेशन में घिरीं छेबड़ा पीएचसी प्रभारी डॉ. इफरा की सेवा समाप्त करने का अनुमोदन भी किया। डीएम ने कहा कि लगातार मिल रहीं शिकायतों के बाद भी उनकी कार्यशैली में सुधार नहीं आया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि डेंगू और मलेरिया के रोगियों की प्राथमिकता से जांच कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करें।
टीबी के मरीजों को हर माह दी जाए पोषण पोटली
टीबी के मरीजों के लिए अभियान चलाकर सैंपल लें और उन्हें दवाओं का वितरण किया जाए। पोषण पोटली हर हाल में टीबी के मरीजों को उपलब्ध कराई जाए। आयुष्मान योजना के तहत जो भी पात्र व्यक्तियों व जीरो पॉवर्टी के तहत जो परिवार चिन्हित किए गए हैं उनके शत प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनवाए जाने सुनिश्चित किए जाएं। इसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होना चाहिए। बैठक में सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा, सीएमओ डॉ. सत्यपाल सिंह समेत एसीएमओ व प्रभारी चिकित्साधिकारी शामिल रहे।