गजरौला। नगर और ग्रामीण अंचलों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता ही जा रहा है। सोमवार को सीएचसी में 100 मरीजों ने एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाया। इनमें 56 पीड़ित ऐसे थे, जिनको पहली बार इंजेक्शन लगाया गया।
इस बार सर्दी में भी कुत्तों का आतंक कम नहीं हुआ। चाहे नगर हो या ग्रामीण अंचल, आए दिन कुत्ते लोगों पर हमला कर जख्मी कर रहे हैं। बीते रविवार को नगर व ग्रामीण अंचलों में आवारा कुत्तों ने लोगों को अपना निशाना बनाया। 56 लोगों को काटकर जख्मी कर दिया। मायापुरी मोहल्ले में चुपचाप आए कुत्ते ने कई लोगों को काट लिया। पीड़ित लोग सोमवार सुबह ही सीएचसी में एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाने पहुंच गए। दोपहर 12.30 बजे तक लाइन लगी रही। कार्यवाहक सीएमओ डॉ. योगेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार को 100 लोगों को एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगाया गया।