क्लीनिकल स्टैब्लिश एक्ट के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारी उतर गए हैं। डाक्टर्स दिवस की बजाय एसोसिएशन पदाधिकारियों ने आज विरोध दिवस मनाया। सीएम के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।
शुक्रवार की दोपहर आईएमए अध्यक्ष डा. अमीनुल हक के नेतृत्व में डाक्टर जिलाधिकारी के आवास पहुंचे। यहां पर उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, जिसमें कहा गया है कि प्रदेश में क्लीनिकल स्टैब्लिश एक्ट प्रदेश के गरीब व सामान्य लोगों के खिलाफ बड़े कारपोरेट अस्पताल का षड्यंत्र है। इस कानून ने आस पड़ोस की चिकित्सा सुविधाओं पर अनावश्यक व अव्यवहारिक मानक लाद दिए हैं।
इससे मरीज को मिलने वाला सस्ता इलाज बंद हो जाएगा। इलाज महंगा हो जाएगा। छोटी छोटी बीमारियों का इलाज लोग बड़े अस्पतालों में करने को विवश होंगे। इसके अलावा कानून से अन्य तमाम नुकसान होंगे। इस मौके पर डा. केएस सैनी, डा. शकील फारूक, डा. एसके चौधरी, डा. रविंद्र सिंह, डा. हिमांशु अरोरा, डा. पवन कुमार गर्ग, डा. आशीष त्रिवेदी आदि मौजूद थे।