अमरोहा। अस्पताल में समय पर उपस्थित नहीं होने के मामले में आरटीआई कार्यकर्ता की शिकायत पर सीएमएस ने डॉ. प्राजंल मिश्रा का स्पष्टीकरण तलब किया है। उनसे तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है। संतोषजनक जवाब नहीं देने पर कार्रवाई की नसीहत दी है।
अमरोहा शहर के रहने कामरान उद्दीन सिद्दीकी आरटीआई कार्यकर्ता है। उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर मुख्यमंत्री के नाम शिकायत दर्ज कराई थी कि जिला अस्पताल में तैनात डॉ. प्रांजल मिश्रा द्वारा लगातार शासकीय दायित्वों की गंभीर उपेक्षा की जा रही है। ड्यूटी समाप्त होने से कुछ समय पहले ही अपनी अनुपस्थित दर्ज कराते हैं और अधिकांश समय अपने निजी अस्पताल में बिताते हैं। उनके इस आचरण के कारण जिला अस्पताल में इनको दी गई स्वास्थ्य सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं।
डॉ. प्रांजल मिश्रा पर उच्चाधिकारियों की विशेष कृपा होने के कारण कोई भी कर्मचारी उनके विरुद्ध शिकायत करने का साहस नहीं कर पाता। इस कारण विभागीय अनुशासन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। इसके बाद सीएमएस डॉ. एके भंडारी ने बताया कि डॉ. प्राजंल मिश्रा का स्पष्टीकरण तलब कर लिया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।