हसनपुर के ब्रह्माबाद में निर्माणाधीन गोशाला का निरीक्षण करते डीएम।
- फोटो : HASANPUR
हसनपुर (अमरोहा)। क्षेत्र के गांव ब्रह्माबाद में निर्माणाधीन गोशाला में घटिया ईंट देख जिलाधिकारी उमेश मिश्रा का पारा चढ़ गया। ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई। उसके भुगतान पर भी रोक लगा दी गई। कहा कि जब तक ईंटें बदलकर दूसरी नहीं मंगाई जाती हैं, तब तक कोई भुगतान नहीं किया जाएगा। किसी भी कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बताते हैं कि तहसील क्षेत्र के गांव ब्रह्माबाद के जंगल में करीब एक करोड़ तीस लाख की लागत से गोशाला का निर्माण कराया जा रहा है। गोशाला का अबतक करीब अस्सी फीसद निर्माण कार्य हो भी चुका है। इसके चलते जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, उपजिलाधिकारी उद्भव त्रिपाठी रविवार शाम को गोशाला पर पहुंचे। जिलाधिकारी ने यहां पर सीमेंट की गुणवत्ता भी चेक की, जो संतोषजनक नहीं मिली। नीचे बिछाई गईं ईंटों की गुणवत्ता बहुत खराब होने पर जिलाधिकारी भड़क गए। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को चेतावनी दी कि यह ईंट कतई स्वीकार नहीं की जाएगी। जेई को निर्देश दिए कि ठेकेदार का भुगतान रोक दिया जाए। डीएम ने दो टूक कहा कि ईंटें नहीं बदलीं तो ठेकेदार को बदल दिया जाएगा। गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा। इस दौरान गोशाला की ऊंचाई भी मानक के अनुसार कम मिली। तिरछा बीम होने पर चेतावनी दी कि इसे शीघ्र सही कराया जाए। फिनिशिंग ठीक से नहीं होने पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। गोशाला के बाहर तालाब की खुदाई का कार्य नियमानुसार नहीं होने पर उसके ठेकेदार का भुगतान भी रोकने निर्देश दिए। कहा कि तालाब को समतल नहीं बनाया गया। डीएम के सवालों का जेई जवाब नहीं दे पाए। जेई इधर-उधर बगलें झांकते दिखाई दिए।