अमरोहा। शादियों का सीजन शुरू होते ही शहर के बैंक्वेट और मैरिज हॉल गुलजार हो गए हैं। शादी समारोहों में देर रात तक तेज आवाज में बज रहे डीजे आसपास रहने वाले लोगों के लिए परेशानी बन रहे हैं। शोर से बीमार और बुजुर्गों को दिक्कत हो रही है, वहीं स्कूली बच्चों की पढ़ाई और छोटे बच्चों की नींद भी प्रभावित हो रही है।
शहर के रिहायशी इलाकों के आसपास बने बैंक्वेट हॉल में शादी समारोहों के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाए जाते हैं। इसकी आवाज घरों के अंदर तक पहुंचती है। परीक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को पढ़ाई में एकाग्रता बनाने में परेशानी होती है। वहीं, हृदय रोग, ब्लड प्रेशर और अन्य बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए तेज आवाज परेशानी बढ़ा सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी समारोहों की खुशी दूसरों की परेशानी का कारण नहीं बननी चाहिए। ध्वनि प्रदूषण को लेकर भी प्रशासन गंभीर नहीं हैं।
-
बैंक्वेट हॉल के बाहर बेतरतीब खड़े वाहन बन रहे जाम का कारण
अमरोहा। शादियों का सीजन शुरू होते ही शहर की सड़कों पर जाम की समस्या बढ़ने लगी है। बैंक्वेट हॉल के बाहर बेतरतीब तरीके से खड़े होने वाले दुपहिया और चार पहिया वाहन राहगीरों के लिए मुसीबत बन रहे हैं। आजाद रोड, बिजनौर रोड और जोया रोड पर स्थित कई बैंक्वेट हॉल में शादी समारोहों के दौरान सड़क किनारे वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। इससे सड़क पर आवागमन के लिए जगह कम बचती है और देखते ही देखते जाम लग जाता है।
शाम से देर रात तक शादी समारोहों में मेहमानों की आवाजाही बढ़ने के साथ समस्या और गंभीर हो जाती है। एंबुलेंस, स्कूली वाहनों और जरूरी काम से निकलने वाले लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। लोगों का कहना है कि बैंक्वेट हॉल संचालकों को पार्किंग की समुचित व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि मेहमानों के वाहन सड़क पर खड़े न हों। संवाद
-
डीजे बजाने के नियम: रात 10 बजे के बाद सख्ती, ध्वनि सीमा भी तय
शादी समारोह में डीजे बजाने की छूट का मतलब मनमानी नहीं है। ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम, 2000 के तहत लाउडस्पीकर और पब्लिक एड्रेस सिस्टम के इस्तेमाल के लिए सक्षम प्राधिकारी की लिखित अनुमति जरूरी है।
-
क्या हैं प्रमुख पाबंदियां
- रात 10 से सुबह 6 बजे तक : खुले स्थानों पर डीजे और लाउडस्पीकर बजाने पर रोक है। बैंक्वेट हॉल के बंद परिसर में अंदर तक सीमित ध्वनि के साथ इस्तेमाल का प्रावधान है।
- ध्वनि की सीमा : रिहायशी क्षेत्र में दिन के समय 55 और रात में 45 डेसीबल की निर्धारित सीमा है।
- ध्वनि नियंत्रण : निजी परिसर में साउंड सिस्टम की आवाज परिसर की सीमा पर निर्धारित परिवेशीय ध्वनि मानक से पांच डेसीबल से अधिक नहीं होनी चाहिए।
-
डीजे की तेज आवाज से यह होती है दिक्कत
. गर्भवती महिलाओं को परेशानी: तेज शोर से तनाव और नींद संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
. बुजुर्गों की परेशानी: उम्रदराज लोगों को आराम करने, सोने और सामान्य बातचीत करने में दिक्कत होती है।
. नवजात और छोटे बच्चों पर असर: तेज आवाज से बच्चे डर सकते हैं और उनकी नींद बार-बार टूट सकती है।
. अस्पतालों के मरीज प्रभावित: बैंक्वेट हॉल के आसपास स्थित अस्पतालों और घरों में भर्ती मरीजों को आराम करने में परेशानी होती है।
. कामकाज प्रभावित: घर से काम करने वाले लोगों और पढ़ने-लिखने वालों की एकाग्रता टूटती है।
. आपातकालीन स्थिति में परेशानी: तेज डीजे के शोर में एंबुलेंस के सायरन और अन्य जरूरी चेतावनी संकेत सुनाई नहीं दे पाते।
-
-तेज आवाज से बुजुर्गों और बीमार लोगों को काफी परेशानी हो रही है। शादी की खुशी में दूसरों की सेहत का भी ध्यान रखना चाहिए।
-बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी कर रहे बच्चों को शोर के कारण पढ़ाई में दिक्कत होती है। रात में भी घरों में डीजे की आवाज आती रहती है। छोटे बच्चे बिलखते रहते हैं। बैंक्वेट हॉल के आसपास रहने वाले परिवारों को देर रात तक शोर झेलना पड़ता है। बच्चों और बुजुर्गों की नींद प्रभावित होती है।
-प्रशासन को बैंक्वेट हॉल संचालकों को ध्वनि प्रदूषण के नियमों का पालन कराने के लिए निर्देश दे रखे हैं, लेकिन कोई पालन नहीं करता। उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
....
लोग बाेले...
रात में डीजे कम आवाज में बजाना चाहिए। जिससे किसी दूसरे व्यक्ति को परेशानी न हो। रात में दस बजे के बाद नहीं बजाना चाहिए। -प्रशांत शर्मा, व्यापारी
...
बैंक्वेट हॉल के बाहर वाहनों की लाइन लगी रहती है। इससे आवागन में परेशानी होती है। ऐसा इंतजाम होना चाहिए। जिससे जाम भी न लगे और राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। -अभिषेक शर्मा, अध्यक्ष,अमरोहा दैनिक रेल यात्री समिति
..
इस समय पढ़ाई चल रही है। देर रात तक डीजे बजने से परेशानी होती है। बैंक्वेट हॉल के बाहर भी पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए।
-टिंकू चौधरी,युवा
..
शहर में बैंक्वेट हॉल के पास में वाहन खड़ा करने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। जिससे शादियों के दौरान जाम की समस्या बन जाती है। शार्दूल अग्रवाल, व्यापारी
.....
रात में तेज आवाज में डीजे बजाने से बीमार लोगों को परेशानी होती है। इसलिए आवाज पर नियंत्रण होना चाहिए। जिससे किसी को परेशानी न हो। इससे दिल के मरीजों को ज्यादा परेशानी होती है। डॉ. रमाकांत सागर, सीएमओ
....
बैंक्वेट हॉल के बाहर सड़क किनारे वाहन खड़ा करने से परेशानी होती है। इसके लिए बैंक्वेट हॉल संचालकों से बात की जाएगी। सड़क पर वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -शशि भूषण पाठक, एसडीएम
........