गजरौला (अमरोहा)। ब्रजघाट से कांवड़ लेने जा रहे कांवड़ियों के डीजे की ऊंचाई मानक से अधिक होने और तेज आवाज में भड़काऊ भजन बजाने पर पुलिस ने डीजे वाहन को सीज कर दिया। साथ ही डीजे संचालक समेत नौ लोगों पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि सोमवार रात सूचना मिली कि संभल की दिशा से कांवड़ियों का जत्था आ रहा है। कांवड़ियों के जत्थे के साथ चल रहे डीजे पर तेज आवाज में भोले के भजनों की बजाय भड़काऊ और वैमनस्य पैदा करने वाले गीत बज रहे हैं, जिनसे विवाद हो सकता है।
सीओ के निर्देश पर इंस्पेक्टर अखिलेश प्रधान मौके पर पहुंचे और कांवड़ियों के जत्थे और डीजे को रोक लिया। डीजे पर भड़काऊ गीत बज रहे हैं। डीजे वाहन की ऊंचाई और चौड़ाई भी मानक से अधिक से थी। इसके अलावा उसकी आवाज भी बहुत अधिक तेज थी। जानकारी करने पर पता चला कि डीजे संचालक बछरायूं का है, जिसे नोटिस दिया गया था कि कांवड़ यात्रा के दौरान भड़काऊ गीत न बजाये। मानक का ध्यान रखे, लेकिन उसने पालन नहीं किया। इस कारण डीजे को सीज कर दिया गया। उसके संचालक समेत नौ लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान कर दिया गया है।
इनका पर हुई शांतिभंग की कार्रवाई
पुलिस ने सोमवार की रात डीजे को सीज करने के साथ ही बबलू, नितिन, सचिन, राहुल सिंह, अर्जुन, रचित, दिलीप, रोबिन निवासी बछरायूं और रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव खाता निवासी मोहित का शांति भंग के आरोप में चालान किया गया।