अमरोहा। जिले की मतदाता सूची से पहले हटाए गए 1,81,177 नामों का दोबारा सत्यापन होगा। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 12 नवंबर से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान शुरू किया जाएगा। इसमें पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और अपात्र व दोहरे नाम हटाने की प्रक्रिया होगी।
पिछले एसआईआर में धनौरा विधानसभा क्षेत्र के 58,455, हसनपुर के 45,995, अमरोहा के 43,009 और नौगावां सादात के 33,718 नाम काटे गए थे। अब इन सभी का सत्यापन कराया जाएगा, ताकि कोई पात्र मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
अभियान में बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे। गणना प्रपत्र बांटने और जमा करने के बाद मतदाता सूची का मसौदा तैयार होगा। दावे और आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। एसडीएम और जिला स्तरीय अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र लोग फार्म-6 भरकर नाम जुड़वा सकेंगे।
एडीएम वित्त एवं राजस्व गरिमा सिंह ने बताया कि 12 नवंबर से अभियान शुरू होगा। कटे हुए नामों का सत्यापन कराया जाएगा। पात्र व्यक्ति फार्म-6 भरकर मतदाता बन सकते हैं।
......
3817 लोगों ने नए वोटर बनने को किया आवेदन
अमरोहा। जिले में 17 और 24 अक्तूबर को लगाए गए विशेष शिविरों में चारों विधानसभा क्षेत्रों से नए मतदाता बनने के लिए फार्म-6 के कुल 3817 आवेदन मिले। इनमें 24 अक्तूबर को 1078 आवेदन अमरोहा, 944 नौगावां सादात, 869 धनौरा और 926 हसनपुर विधानसभा क्षेत्र से प्राप्त हुए। अमरोहा के आवेदनों में 1045 ऑफलाइन और 33 ऑनलाइन थे।
17 अक्तूबर को अमरोहा में 647, नौगावां सादात में 705, धनौरा में 740 और हसनपुर में 943 आवेदन मिले थे।
फार्म-7 के तहत नाम हटाने या दर्ज नाम पर आपत्ति के लिए 17 अक्तूबर को 475 और 24 अक्तूबर को 700 आवेदन मिले। 24 अक्तूबर को अमरोहा में 292, धनौरा में 175, हसनपुर में 135 और नौगावां सादात में 98 आवेदन आए।
वहीं, फार्म-8 के तहत संशोधन, पता परिवर्तन और अन्य सुधार के लिए 17 अक्तूबर को 654 और 24 अक्तूबर को 768 आवेदन मिले। इनमें अमरोहा के 344, धनौरा के 197, हसनपुर के 136 और नौगावां सादात के 91 आवेदन शामिल हैं। मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया जारी है।
...