अमरोहा। दिवाली के त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने सुरक्षा का खाका तैयार कर लिया है। जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए जनपद को चार जोन और 12 सेक्टर में बांटा गया है। होटल, ढाबों, रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और प्रमुख बाजारों में संदिग्धों की तलाश के लिए चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ही सादी वर्दी में भी पुलिस निगरानी करेगी।
इस साल छह नवंबर को धनतेरस है सात नवंबर को छोटी दिवाली और आठ नवंबर को बड़ी दिवाली मनाई जाएगी। इसके बाद नौ नवंबर को गोवर्धन पूजा होगी और 10 नवंबर को भैया दूज को त्योहार मनाया जाएगा। त्योहार के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और वाहनों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। जिले में 50 स्थानों पर अस्थायी पुलिस पिकेट बनाई गई हैं। यहां पुलिसकर्मियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा मुख्य बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर पीएसी तैनात की गई है। ऊंची इमारतों पर भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जो दूर से ही गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
एएसपी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चौकस कर दी गई है। सभी थाना प्रभारी और सीओ अपनी-अपनी टीमों के साथ क्षेत्र में लगातार गश्त कर रहे हैं। रात के समय निगरानी बढ़ाई गई है। होटल, ढाबों और रेलवे स्टेशन पर विशेष चेकिंग की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के साथ उनकी गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि धनतेरस से लेकर तीन नवंबर की देर रात तक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
बाजारों में किसी भी तरह की अव्यवस्था और असामाजिक गतिविधियों से निपटने के लिए पुलिस मुस्तैद रहेगी। अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का जोर त्योहार के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को समय रहते रोकने पर है।