अमरोहा। दीपावली पर्व पर यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए परिवहन अधिकारियों ने चालकों व परिचालकों की छुट्टी पर एक सप्ताह के लिए रोक लगा दी है। बिना अनुमति के ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर विभागीय कार्रवाई होगी। यात्रियों की सहूलियत के लिए परिवहन निगम ने दिल्ली और देहरादून रूट पर अतिरिक्त बस चलाने का फैसला लिया है जबकि मुरादाबाद, बरेली, मेरठ, बिजनौर और संभल रूट पर भी बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे।
अमरोहा डिपो से अलग-अलग रूटों पर करीब 102 बसों का संचालन किया जा रहा है। दीपावली पर सभी लोग अपने घर आते हैं। इसलिए, त्योहार पर बसों में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। इसलिए मेरठ, बरेली, मुरादाबाद, हरिद्वार सहित अन्य रूटों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। साथ ही त्योहार के मौके पर देर शाम तक यात्रियों को बस मिल सकेंगी जिससे उन्हें अपनी मंजिल तक पहुंचने में कोई परेशानी नहीं होगी।
बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर होगी कार्रवाई
इस साल दीपावली 20 अक्तूबर को है। इसके बाद 23 अक्तूबर को भैयादूज मनाया जाएगा। दूरदराज के यात्रियों को सुविधा देने के लिए अतिरिक्त बसें लगाई जाएंगी। इसके लिए प्लान भी तैयार लिया गया है। परिवहन अफसरों ने बसों के फेरे व संख्या बढ़ाने के साथ चालकों व परिचालकों की छुट्टी पर रोक लगा दी है, यह रोक एक सप्ताह तक रहेगी। बताया कि यदि इस बीच कोई चालक या परिचालक बिना अनुमति के ड्यूटी से अनुपस्थित रहता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। डिपो के पास बसों के मुकाबले चालकों व परिचालकों की संख्या कम है।
दीपावली पर एक सप्ताह तक चालकों व परिचालकों के अवकाश पर रोक लगाई गई हैं। ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित नहीं हो सके। यात्रियों को अच्छी व्यवस्था देने का प्रयास है। केसी गौड़, एआरएम