डिडौली। क्षेत्र के गांव पतेई खालसा ट्यूबवेल के पानी को लेकर विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। मामले में न्यायालय के आदेश पर एक ही परिवार के नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गांव में बदन सिंह का परिवार रहता है। उनकी बेटी हिन्द कौर का आरोप है कि 30 नवंबर की सुबह करीब 9:45 बजे वह अपने भाइयों के साथ खेत पर मौजूद थीं, जहां उनके भाई कृषि कार्य कर रहे थे। उसी दौरान गांव मझरा पतेई निवासी आकाश, अमित, जसराम, विक्की, अजय, यशवीर, उसकी दो बेटी और भोला उर्फ चन्द्रहास वहां पहुंच गए। आरोपियों ने ट्यूबवेल के पानी को लेकर विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर सभी लोग फावड़ा, गंडासा और लाठी-डंडे लेकर ट्यूबवेल के कमरे में घुस आए और हिंद कौर के भाई न्याय सिंह व राष्ट्रीय सिंह पर हमला कर दिया। आरोपियों ने लात-घूंसों और डंडों से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कराया। इसके बाद आरोपी धमकी देते हुए वहां से चले गए। मामले में पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो पीड़िता ने न्यायालय की शरण ली। सीओ सिटी अभिषेक यादव ने बताया कि मामले में न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।