अमरोहा। कलक्ट्रेट सभागार में पंचायत राज विभाग की योजनाओं को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि पंचायत उत्सव भवन योजना के तहत प्रत्येक विधानसभा में पंचायत उत्सव भवन निर्माण कराए जाने हैं।
पहले चरण में जनपद की 103 ग्राम पंचायतों में डिजिटल पुस्तकालय (बाल एवं किशोर पुस्तकालय) की स्थापना की जानी है। उन्होंने कहा कि किताबों के लिए कमेटी गठित की गई है। इसमें जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं दो विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल किए गए हैं।
पंचायत उत्सव भवन का निर्माण 1.41 करोड़ रुपये से किया जाएगा। पंचायत भवन उत्सव के लिए कम से कम 3000 वर्ग मीटर जमीन की जरूरत होगी। जनपद की 161 ग्राम पंचायतों के लिए स्वयं के संसाधन से आय आधारित पंचायत प्रतिपूर्ति एवं प्रोत्साहन योजना को लागू करने के संबंध में दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत में वित्तीय वर्ष 2024-25 में प्राप्त ओएसआर के आधार पर 5 गुना धनराशि शासन द्वारा संबंधित ग्राम पंचायत को उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्रा, डीपीआरओ पारूल सिसौदिया आदि मौजूद रहे।