अमरोहा। कलक्ट्रेट सभागार में डिजिटल लाइब्रेरी, पंचायत प्रतिपूर्ति प्रोत्साहन योजना और पंचायत उत्सव भवन निर्माण कराए जाने के संबंध में बैठक हुई। जनपद की 103 ग्राम पंचायतों में डिजिटल पुस्तकालय (बाल एवं किशोर पुस्तकालय) की स्थापना की जानी है।
डीएम ने निर्देश देते हुए कहा कि लाइब्रेरी की स्थापना ऐसे स्थान पर की जाएं जो बच्चों के लिए सुरक्षित हो और आवागमन के लिए आसान हो। जहां पर लाइब्रेरी बनेगी उन पंचायत भवनों की सुरक्षा सुनिश्चित कर ली जाए। सभी मूलभूत सुविधाएं जांच कर दुरुस्त कर ली जाए। उन्होंने सभी पंचायत भवनों में सीसीटीवी लगाने की बात कही। किताबों के लिए कमेटी गठित की गई है। इसमें जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं दो विशेष आमंत्रित सदस्य सम्मिलित हैं। जनपद की 103 ग्राम पंचायतों में डिजिटल पुस्तकालय की स्थापना पहले चरण में की जानी है।
पंचायत प्रतिपूर्ति प्रोत्साहन योजना की समीक्षा करते हुए बताया कि इस योजना के इस योजना के तहत 1500 से कम आबादी वाली ग्राम पंचायतों में होने वाली आय से सरकार की ओर से पांच गुना धनराशि मिलेगी। जिसमें आरसीसी सहित अन्य कार्य सम्मिलित हैं। शासन की मंशा है जिन ग्राम पंचायत की आबादी 1500 से कम है, उस ग्राम पंचायत को योजना का लाभ दिया जाए।
पंचायत उत्सव भवन निर्माण कराए जाने के संबंध में निर्देशित किया गया कि स्थल का परीक्षण कर उपयुक्त भूमि की उपलब्धता के संबंध में आख्या तैयार कर उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि ब्लॉक प्रमुख और ग्राम प्रधान से वार्ता कर ऐसा स्थल चयन करें, जहां पर आमजन को अधिक से अधिक लाभ हो। इस दौरान सीडीओ अश्वनी कुमार मिश्र, पीडीडीआरडीए अम्बरीष कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी पारुल सिसौदिया, ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक आदि मौजूद रहे।