मौसी के घर गन्ने का बीज छोड़कर लौट रहे सुरेश (25) की ट्रैक्टर से गिरकर मौत हो गई। परिजनों ने बिना कार्रवाई के ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
सुरेश डिडौली कोतवाली क्षेत्र के जलालपुर उमर गांव निवासी जसराम के बेटे थे। जसराम सिंह के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे व दो बेटियां हैं। दो भाइयों में छोटा सुरेश बृहस्पतिवार को संभल जिले के असमोली थानाक्षेत्र के रचेटा गांव में अपनी मौसी के खेत पर गन्ने का बीज छोड़कर घर लौट रहा था। ट्रैक्टर गांव का ही रहने वाला रिंकू चल रहा था।
जबकि, सुरेश ट्रैक्टर की सीट पर बैठा था। घर लौटते समय रास्ते में अचानक ब्रेकर पर ट्रैक्टर के उछलते ही सुरेश नीचे गिर गया और ट्रैक्टर के पहिये के नीचे आकर उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंच गए। इसके बाद परिजन बिना पुलिस कार्रवाई कराई शव को घर ले आए और अंतिम संस्कार कर दिया। स्थानीय पुलिस ने भी हादसे की जानकारी से इन्कार किया है।