दहेज लोभियों ने विवाहिता से दहेज में स्विफ्ट कार और दो लाख रुपये की मांग की। डिमांड पूरी नहीं हुई तो दो बच्चों सहित विवाहिता को घर से निकाल दिया। पीड़िता ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया तो फैसले का दबाव बनाने लगे। मुकदमा वापस नहीं लिया तो पति ने विवाहिता को तलाक दे दिया। पीड़िता एसपी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सिहाली जागीर निवासी चमन जहां की शादी आठ साल पहले गांव के लताफ्त के साथ हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि उसके पिता ने शादी में अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया था। बावजूद इसके ससुराल वाले दो लाख रुपये और स्विफ्ट कार की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं हुई तो उन्होंने 24 जनवरी 2016 को मारपीट करके दोनों बेटों के साथ घर से निकाल दिया। इसके बाद विवाहिता ने पति और ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और भरण पोषण का मामला दर्ज करा दिया। आरोप के मुताबिक पति मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था। पांच अक्तूबर को पति लताफ्त घर आया और उसने तीन तलाक दे दिया। जिसे लेकर गांव में पंचायत भी हुई, लेकिन कोई हल नहीं निकला। बुधवार को पीड़िता ने एसपी को शिकायती पत्र सौंपकर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की गुहार लगाई।