मंडी धनौरा। भारतीय किसान यूनियन और राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने अदालत के आदेश के बावजूद खुदकशी करने वाले किसान हरेंद्र सिंह के खिलाफ आरसी जारी करने की निंदा करते हुए प्रशासन से मांग की है कि गन्ना भुगतान होने तक किसानों से सरकार देयों की वसूली तत्काल प्रभाव से बंद की जाएं।
थाना क्षेत्र के किसान हरेंद्र सिंह ने बैंक के कर्ज की वजह से खुदकशी कर ली थी। हरेंद्र का शव मंगलवार की सुबह गांव के बाहर रेलवे लाइन पर पड़ा मिला था। हरेंद्र पर प्रथमा बैंक चुचैला कलां का साढ़े सात लाख रुपये का कर्जा था।
कर्ज अदा नहीं करने की वजह से उसकी आरसी भी जारी कर दी गई थी। भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष डूंगर सिंह ने जिलाधिकारी से मांग की कि जब तक गन्ना भुगतान नहीं हो जाता है तब तक किसानों से वसूली बंद की जाएं। वही राकिमसं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंडल प्रभारी जोगेंद्र आर्य के नेतृत्व में एसडीएम को हाईकोर्ट के आदेश की कापी सौंपी। अदालत ने गन्ना भुगतान तक किसी प्रकार की वसूली पर रोक लगाई है। जोगेंद्र आर्य ने चेतावनी दी है कि यदि किसानों से वसूली की गई तो आंदोलन किया जाएगा। राजवीर सिंह, दिगराज सिंह, सुखराम सिंह, पुष्पेंद्र सिंह मौजूद रहे।