गजरौला। चैत्र माह की पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालुओं ने हर हर गंगे के उदघोष संग पतित पावनी गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य कमाया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगा किनारे धार्मिक अनुष्ठान कराए। पुरोहितों को दान दक्षिणा देकर तृप्त किया गया।
तिगरी निवासी पंडित गंगाशरण शर्मा के मुताबिक मंगलवार को चैत्र माह की पूर्णिमा होने के कारण श्रद्धालु स्नान कर पुण्य कमाने के लिए भोर से ही गंगा तट पर पहुंच गए। उधर ब्रजघाट गंगा में स्नान करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु सोमवार की रात ही आकर स्थानीय धर्मशालाओं में ठहर गए थे। मंगलवार की तड़के सूरज की किरण निकलने से पहले ही श्रद्धालुओं ने हर हर गंगे के उदघोष संग पतित पावनी गंगा में डुबकी लगाना शुरू कर दिया। गंगा में डुबकी लगा रहे श्रद्धालुओं के उदघोष और हर हर गंगे से गंगा तट गूंज उठा। स्नान के बाद गंगा जल में फूल प्रसाद अर्पण किए। धूप दीप नैवेद्य से गंगा मैया का पूजन कर घर में सुख समृद्धि की कामना की। पतित पावनी के तट पर श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठान कराए। पुरोहितों को दान दक्षिणा देकर तृप्त किया। जरूरतमंदों को दान दिया गया। ब्रजघाट व तिगरी में तड़के शुरू हुआ गंगा जल में श्रद्धालुओं के स्नान का सिलसिला काफी देर तक चलता रहा।
-