मंडी धनौरा। मोक्षदा एकादशी के मौके पर नगर के नवदुर्गा शिव साई मंदिर में श्री खाटू श्याम मित्र मंडल की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजन प्रवाहकों के कर्णप्रिय भजनों पर श्रद्धालु भक्तिमय हो गए। बाबा श्याम का फूलों से शृंगार किया गया था। बाबा की ज्योति प्रज्वलित कर भजनों का सिलसिला शुरू हुआ।
गणेश वंदना के बाद भजनों का सिलसिला शुरू हुआ। अर्पित कौशिक ने भजन संध्या की शुरुआत करते हुए सजा दिया है फूलों से दरबार तेरा है, आजा खाटू वाले इंतजार तेरा है भजन प्रस्तुत किया। लक्की अग्रवाल ने बिगड़ी बने ना श्याम के बिना भजन प्रस्तुत किया तो श्रद्धालु झूमने लगे। नमन रस्तोगी ने मेरी जो लाज है बाबा तेरे हाथ है भजन सुनाया। हारे के सहारे की बाबा श्याम की जयकार से मंदिर परिसर गुंजायमान रहा। इस मौके पर सेवादार दीपक शर्मा, नरेंद्र अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, विशाल, हर्ष, विनीत, विपिन अग्रवाल, सनोज प्रधान आदि मौजूद थे।