मंडी धनौरा। खादर क्षेत्र में गंगा नदी से सटे सीपीया फार्म पर लगने वाले मेले में जाने के लिए श्रद्धालुओं का रैला उमड़ रहा है। श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्राॅली से मेले में पहुंच रहे हैं। उधर, अपनों की स्मृति में परिजनों द्वारा दीपदान किया गया।
सीपीया मेले में कार्तिक पूर्णिमा के दिन करीब दो लाख श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंगलवार सुबह से ही श्रद्धालुओं का रैला सीपीया गांव की ओर बढ़ता दिखाई दिया। मेले में लोगों के मनोरंजन के लिए झूले, मौत का कुआं, टॉय ट्रेन आदि लगाए गए हैं। मेले में लगे मीना बाजार में महिलाएं जमकर खरीदारी कर रही हैं। मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए करीब 50 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। मंगलवार को प्रभारी निरीक्षक बालेंद्र कुमार ने नदी के गहरे पानी में बैरीकेडिंग कराई। लाउडस्पीकर के जरिए लोगों से गहरे जल में नहीं जाने की अपील की जा रही है। पुलिस ने मेले में मोडिफाइड ट्रैक्टरों को नहीं जाने दिया।