अमरोहा। नगर पालिका में हाल ही में शामिल गांवों में करीब छह करोड़ रुपये से विकास कार्य कराए जाएंगे। खासतौर पर जलभराव की समस्या से जूझ रहे क्षेत्रों में नालियों का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही स्ट्रीट लाइट लगवाकर रोशनी की व्यवस्था भी बेहतर की जाएगी।
नगर पालिका में शामिल गांवों में बुनियादी विकास बहुत कम है, जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। टूटी हुई सड़कों की वजह से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है और बरसात के दिनों में पानी भर जाता है। हालांकि यहां के लोगों का कहना है कि जब पालिका में शामिल हो गए तो विकास भी उसी तरह से होना चाहिए लेकिन अब इन वार्डों की सूरत बदलेगी और विकास के पंख लगेंगे। कई जगह पर तो लाइट न होने से अंधेरा पसरा रहता है। जिससे लोगों को परेशानी होती है।
ईओ डॉ. ब्रजेश कुमार ने बताया कि खासतौर से शामिल किए गए वार्डों के विकास के लिए छह करोड़ की राशि मिली है, जिससे यहां पर सड़क का निर्माण, पानी निकासी के इंतजाम, नाले नालियां और स्ट्रीट लाइट लगवाई जाएंगी। जल्द ही इस पर काम किया जाएगा। सभी वार्डों में विकास कार्य कराए जाएंगे।