नौगांवा सादात। तहसील परिसर में बृहस्पतिवार को तहसीलदार लकी सिंह की अध्यक्षता में लेखपालों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में फार्मर रजिस्ट्री का कार्य तेजी से पूरा करने और नए राशन वितरण केंद्रों के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए गए।
तहसीलदार लकी सिंह ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री का कार्य किसानों के हितों से सीधे जुड़ा हुआ है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी लेखपालों को अपने-अपने क्षेत्रों में किसानों का सही विवरण समय पर दर्ज कराते हुए रजिस्ट्री का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शिता के साथ मिले। इसके अलावा तहसीलदार ने नए राशन वितरण केंद्रों की आवश्यकता वाले क्षेत्रों में सरकारी भूमि चिन्हित करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जहां राशन दुकानों की जरूरत है, वहां जल्द से जल्द उपयुक्त भूमि का चयन कर प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि आम लोगों को राशन लेने में होने वाली परेशानियों को कम किया जा सके। बैठक के दौरान तहसीलदार ने लेखपालों से उनके क्षेत्रों में चल रहे कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी ली।
उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। तहसीलदार ने कहा कि प्रशासनिक कार्यों को गति देने के साथ-साथ पारदर्शिता बनाए रखना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से जिम्मेदारी के साथ कार्य करने और शासन की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा।इस दौरान तहसील क्षेत्र के सभी लेखपाल और राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।