हादसे में रुद्रपुर डिपो की रोडवेज बस सबसे ज्यादा क्षतिग्रस्त हो गई। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बमुश्किल बाहर निकाला गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सभी घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस और निजी वाहनों की मदद से निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। हादसे के कारण हाईवे पर कई घंटों तक यातायात प्रभावित रहा। उधर, हसनपुर क्षेत्र में भी कोहरे के कारण बड़ा हादसा हो गया। अमावस्या के मौके पर ब्रजघाट गंगा स्नान कर लौट रहे संभल के श्रद्धालुओं की इको कार को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी।
यह हादसा हसनपुर- संभल मार्ग पर ढक्का मोड़ के पास हुआ। कोहरे के कारण सामने से आ रही बस इको से टकरा गई। हादसे में इको सवार महिला की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। बताया गया कि संभल के गांव रहटोल निवासी सतवीर अपनी पत्नी उषा (40), गांव के ही सूरजपाल, मोहनवती, रामपाल, सावित्री और चालक सुनील के साथ सुबह अमावस्या पर ब्रजघाट में गंगा स्नान कर लौट रहे थे।
ढक्का मोड़ के पास कोहरे में रोडवेज बस ने उनकी इको में टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने घायलों को इको से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उषा को मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतका अपने पीछे छह बेटियां और एक बेटा छोड़ गई है। थानाध्यक्ष विकास सहरावत ने बताया कि हादसे में महिला की मौत हुई है और घायलों का इलाज चल रहा है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।