अमरोहा। बरसात का मौसम नजदीक आते ही स्वास्थ्य विभाग डेंगू को लेकर अलर्ट हो गया है। पिछले वर्ष जिले के 50 गांवों को डेंगू के लिहाज से हाईरिस्क श्रेणी में रखा गया था, जबकि वर्ष 2024-25 में ऐसे गांवों की संख्या 74 थी। सबसे अधिक प्रभावित गांव जोया ब्लॉक क्षेत्र में हैं
इन गांवों को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी अर्लट मोड पर है। अप्रैल में चले संचारी रोग रोकथाम अभियान के दौरान भी इन गांवों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया। यहां पर नालियों की सफाई कराई गई और लार्वा मारने के लिए दवाओं का छिड़काव भी कराया गया। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इन गांवों की संख्या में और कमी आएगी।
पिछले साल जिले में 73 डेंगू के मरीज मिले जबकि वर्ष 2024 में 41 डेंगू मरीज मिले थे। हालांकि अभी तक जिले में एक भी डेंगू मरीज नहीं मिला है। इसके बावजूद भी विभागीय अधिकारी अतिरिक्त सुरक्षा बरत रहे हैं। चिकित्सकों का कहना है कि लोगों को खुद भी ध्यान रखना चाहिए। अधिकांश यह मच्छर घरों के अंदर ही पैदा होता है। साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। गमलों के पानी को एक सप्ताह में बदल देना चाहिए। जिससे मच्छर पैदा न हो। घर के आसपास पानी जमा न होने दें।
जिला मलेरिया अधिकारी सुधीर कुमार ने बताया कि इन गांवों की संख्या में और कमी आएगी। सीएमओ डॉ. रमाकांत सागर ने बताया कि सबसे ज्यादा लोगों को जागरुक रहने की जरुरत है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से तो सभी इंतजाम किए जा रहे हैं।