मंडी धनौरा। मोहल्ला गांधीनगर में घनी आबादी के बीच संचालित शराब की दुकान को शिफ्ट कराने की मांग के लिए महिलाओं ने एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने चेतावनी दी कि किसी भी दशा में वे शराब की दुकान को संचालित नहीं होने देंगी।
मोहल्ला गांधीनगर में काफी समय से शराब की दुकान चल रही है। मोहल्ले में रहने वाली महिलाओं का आरोप है कि घनी आबादी के बीच शराब की दुकान गलत तरीके से संचालित की जा रही है। शनिवार को महिलाएं एकत्र होकर एसडीएम कार्यालय पहुची। उन्होंने एसडीएम कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने अपनी मांग से संबंधित एक पत्र एसडीएम चंद्रकांता को सौंपा।
महिलाओं का आरोप था कि लोग शराब पीकर महिलाओं के साथ अश्लीलता करते हैं। शराब की दुकान के पास ही स्कूल व मंदिर है। महिलाओं का कहना था कि शराब के नशे में लोग घरों के बाहर हंगामा करते हैं। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि वे किसी भी हालत में मोहल्ले में शराब की दुकान को संचालित नहीं होने देंगी।
उन्होंने शराब की दुकान को रेलवे फाटक के दूसरी ओर शिफ्ट करने की मांग की। एसडीएम ने जिला आबकारी अधिकारी से इस संबंध में वार्ता कर उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर महिलाओं को शांत किया। इस मौके पर निर्भय देवी, सुशीला देवी, रानी, गीता, राधिका, रीना, कविता, बबीता, पुष्पा, शांति आदि मौजूद थी।